संजीव जिंदल ( Prime Post Punjab )
स. चेतन सिंह सर्वहितकारी विद्या मंदिर, मानसा हर वर्ष स. चेतन सिंह के जन्मदिवस पर खेलकूद प्रतियोगिता एवं पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन करता है। 26 नवंबर को विद्या मंदिर में बड़े हर्षोल्लास के साथ खेल दिवस का उद्घाटन हुआ। उद्घाटन के अवसर पर विशेष अतिथि के तौर पर पंजाबी भाषा के प्रसिद्ध लेखक एवं ट्रेडीशनल म्यूजिक प्रमोटर्स अशोक बंसल , एवं विद्या मंदिर के पूर्व छात्र डॉक्टर आकाशदीप और स्थानीय एसडी गर्ल्स कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर जगमोहनी गावा उपस्थित रहे। प्रबंध समिति ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। बच्चों ने मार्च पास्ट और पीटी शो का सुंदर दृश्य पेश किया। तदुपरांत झंडा फहराने की रस्म अदा की गई और अशोक बंसल द्वारा खेलकूद प्रतियोगिताएं आरंभ करने की घोषणा की गई।

अशोक बंसल ने बच्चों से कहा कि आजकल पढ़ लिखकर विदेश जाने का रुझान बढ़ गया है परंतु अगर हम प्रयास करें तो अपने ही देश में बहुत ज्यादा अवसर हैं। हमें अपने देश में ही रह कर देश की सेवा करनी चाहिए।
डॉक्टर आकाशदीप पढ़ाई के दौरान अपने विद्यालय में बिताए हुए समय को याद करते हुए बच्चों के साथ कुछ संस्मरण सांझा किए और बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने विद्या मंदिर के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए विद्या मंदिर परिवार के किसी भी सदस्य के इलाज के खर्चे में कुछ राहत देने की बात भी की।

डॉक्टर जगमोहनी गावा ने बहुत ही सुंदर ढंग से बच्चों के बीच अपनी बात रखी और विद्या मंदिर के अनुशासन और गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का खुशनुमा वातावरण ही बच्चों को ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक होता है।
अंत में प्रबंध समिति द्वारा आए हुए मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।उसके उपरांत विद्या मंदिर में खेल प्रतियोगिताएं आरंभ हुईं। बच्चों ने सैक रेस, पोटैटो रेस, रस्साकशी, लोंग जंप, स्किपिंग, थ्री लेग रेस इत्यादि प्रतियोगिताओं में भाग लिया। गौरतलब है कि इन भिन्न-भिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिवर्ष विद्या मंदिर के प्रत्येक बच्चे की प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाती है।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 27 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के उपाध्यक्ष श्री प्रवीण सैनी जी (रिटायर्ड आईएएस) बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। साथ ही विद्या मंदिर के होनहार पूर्व-छात्र सुमित जिंदल (एक्स. ईएन. पीडब्ल्यूडी बी. एंड आर. डिपार्टमेंट) पटियाला भी इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
बच्चों ने मनमोहक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा पेश किया किए गए ग्रुप सॉन्ग, डांस, गिद्दा ,भांगड़ा एवं अलग-अलग स्टेट्स के डांस को उपस्थित सभी अभिभावकों ने खूब सराहा।कार्यक्रम में विद्या भारती नेशनल विजेता खिलाड़ियों , बोर्ड मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा अन्य गतिविधियों में नेशनल स्तर पर अपनी प्रतिभागिता सुनिश्चित करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया ।
इसके साथ ही विद्या मंदिर में हो रही भिन्न-भिन्न गतिविधियों की बच्चों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसमें साइंस एग्जीबिशन, आर्ट एंड क्राफ्ट, पेंटिंग, बेस्ट आउट ऑफ बेस्ट एग्जीबिशन, शिशु वाटिका गतिविधियां, कैलीग्राफी एग्जीबिशन ,स्पोर्ट्स और एकेडमिक उपलब्धियां प्रदर्शित की गईं। यह सभी एग्जीबिशन भी अभिभावकों के आकर्षण का केंद्र बने।
प्रिंसिपल जगदीप कुमार पटियाल ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट में विद्यालय में चल रही प्रगति के बारे में अभिभावकों को अवगत करवाया। साथ ही विद्यालय के बच्चों द्वारा खेल, शिक्षा,विज्ञान एवं अन्य क्षेत्रों में अर्जित की उपलब्धियों को अभिभावकों के समक्ष रखा।
प्रवीण सैनी ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए प्रयास करना चाहिए। पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियां भी बच्चे के व्यक्तित्व विकास के लिए सहायक होती हैं।
साथ ही विद्या मंदिर के पूर्व छात्र सुमित जिंदल ने विद्यालय में अपने समय को याद करते हुए बच्चों को मेहनत करके आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं।
तदोपरांत प्रबंध समिति के द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विद्या मंदिर के अध्यक्ष डॉ. बलदेव राज बंसल ने इस आयोजन के लिए सभी अभिभावकों, अध्यापकों और बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम अभिभावकों एवं समाज के सहयोग से बच्चों की उन्नति के लिए आगे बढ़ने के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे।अंत में वंदे मातरम के द्वारा कार्यक्रम का समापन हुआ।
By : Prime Post Punjab news

